राघव चड़्ढा और परिणीति चोपड़ा की शादी: एक खास दिन की खास खबर

राघव चड़्ढा और परिणीति चोपड़ा की शादी: एक खास दिन की खास खबर

सांसद राघव चड्‌ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की आज शादी है। आज दोपहर एक बजे राघव की सेहराबंदी हुई। दाेपहर 3 बजे 18 बोट्स में बारात लीला पैलेस के लिए रवाना हुई। शादी के लिए होटल लीला और ताज लेक पैलेस को भी सजाया जा चुका है।

इससे पहले आज सुबह फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा परिणीति का डिजाइनर लहंगा लेकर पहुंचे। जानकारी के अनुसार राघव भी मनीष के डिजाइनर आउटफिट में नजर आएंगे।

वहीं, शनिवार रात को हुई संगीत सेरेमनी की फोटोज भी सामने आई हैं। संगीत में एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने सिल्वर कलर का गाउन पहना था। वहीं, राघव ब्लैक सूट में थे।

सूत्रों के अनुसार संगीत सेरेमनी में पंजाब से भी ढोल आर्टिस्टों को बुलाया गया था। संगीत सेरेमनी में राघव और परिणीति के साथ उनके दोस्तों ने भी जमकर भांगड़ा किया। इस खास माैके पर परिणीति ने राघव के लिए एक गाना भी गाया।

हरभजन सिंह और आदित्य ठाकरे पहुंचे शादी में, कहा-आज राजनीति नहीं

दोपहर 2 बजे बाद क्रिकेटर हरभजन सिंह और आदित्य ठाकरे भी उदयपुर पहुंचे। हरभजन के साथ उनका परिवार भी था। दोनों जब एयरपोर्ट पर बाहर आए तो कपल को ढेर सारी बधाई दी।

इस पर जब आदित्य ठाकरे से शादी को लेकर पूछा गया तो वे बोले- उदयपुर आता ही रहता हूं और आज शादी में शामिल होने आया हूं तो अच्छा लग रहा है। इस दौरान मीडिया ने जब राजनीति को लेकर सवाल किया तो वे बोले-आज राजनीति नहीं...आज केवल राघनीति।

जिस बोट में बारात जाएगी, उन्हें फूलों से सजाया गया

होटल ताज लेक पैलेस से दोपहर सेहराबंदी के बाद राघव चड्ढा की बारात होटल से लग्जरी बोट्स से रवाना हुई। सभी बोट्स को शाही अंदाज में सजाया गया। इसमें बाराती पिछोला झील के अंदर से ही सवारी करते हुए सीधे लीला होटल पहुंचे।

होटल लीला पैलेस के मुख्य गार्डन में दोनों की शादी होगी। बारातियों का स्वागत पंजाबी और राजस्थानी अंदाज में किया गया।

100 से ज्यादा राजस्थानी साफा करवाए तैयार

राघव की बारात में शामिल होने वाले सभी मेहमानों को राजस्थानी साफा पहनाया गया। इसके लिए इवेंट कंपनी ने इन साफों को उदयपुर में ही तैयार करवाया। सुबह ये साफे होटल में पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि करीब 100 से ज्यादा राजस्थानी साफा तैयार करवाए गए थे।

इसके अलावा मेवाड़ी पाग भी तैयार करवाई गई थी। इसे डायमंड जैसे स्टोन और गोल्डन रंग के धागे से सजाया गया, ताकि पहनने के बाद राजशाही जैसा लुक नजर आए।

आज ये कार्यक्रम होंगे शादी में

  • राघव की सेहराबंदी दोपहर 1 बजे
  • बारात- दोपहर 3 बजे
  • जयमाला शाम 3:30 बजे
  • फेरे- शाम 4 बजे
  • विदाई- शाम 6:30 बजे
  • रिसेप्शन- रात 8:30 बजे